देश में वोट चोरी के आरोपों पर राजनीतिक बवाल मचा हुआ है। विपक्ष, खासकर कांग्रेस, चुनाव आयोग और सरकार पर गंभीर आरोप लगा रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग वोट चोरी कर रहा है।
इन आरोपों पर बीजेपी सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को जोरदार पलटवार किया। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार और कांग्रेस की परंपरा रही है कि चुनाव हारते ही वे चुनाव आयोग, मतदाताओं और चुनाव प्रणाली पर सवाल उठाते हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा, “इंदिरा गांधी ने मतदाताओं को मूर्खों का समूह कहा था। राजीव गांधी ने बैलेट पेपर को दोषी ठहराया। राहुल गांधी के पिता वोटिंग मशीनों से चुनाव कराने की बात करते थे, और राहुल गांधी अब बैलेट पेपर की मांग कर रहे हैं।”
बीजेपी नेता ने यह भी कहा कि अगर किसी के नेतृत्व में 90 बार चुनाव हारने का रिकॉर्ड है, तो वह राहुल गांधी के नेतृत्व में है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हर हार के बाद आत्मचिंतन करने की बजाय EVM, चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं को दोष देती रहती है।
अनुराग ठाकुर ने याद दिलाया कि बिहार चुनाव हारने के बाद कांग्रेस और विपक्षी दलों ने मिलकर EVM पर झूठे आरोप लगाए थे, कभी कहा कि इसे बैन करो, कभी कहा कि बैलेट पेपर लाओ, और कभी दावा किया कि इसे रिमोट से हैक किया जा सकता है।